दनकौर (ग्रेटर नोएडा)। झपकी के चलते भट्टा गांव के पास अनियंत्रित कार बंबे में गिर गई। बंबे में पानी अधिक होने के कारण कार में सवार पति-पत्नी फंस गये। कड़ी मशक्कत के बाद पति कार से बाहर निकल गया जबकि पत्नी की कार में ही मौत हो गई। कार को पति ही चला रहे थे। उन्हें झपकी आ गई थी, जिसके चलते कार अनियंत्रित हो गई और बंबे में जा गिरी। पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
भट्टा गांव के रहने वाले मोहित, पत्नी रीना ( 31 वर्ष ) के साथ किसी काम से ग्रेटर नोएडा गये थे। रविवार की देर रात दोनों लोग कार से ही वापिस आ रहे थे। जब उनकी कार दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित बंबे के नजदीक पहुंची इसी दौरान चालक पति को नींद की झपकी आ गई। नींद आने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और बंबे में गिर गई। बंबे में अधिक पानी होने के कारण कुछ ही देर में कार डूब गई।
पुलिस चौकी नजदीक होने के कारण जानकारी मिलने पर पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद पति मोहित सकुशल पानी से बाहर निकल गया जबकि उनकी पत्नी रीना की मौत हो गई। पुलिस ने तुरंत शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। वहीं, उनकी कार को भी पानी से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस का कहना है कि नींद की झपकी आने के कारण हादसा हुआ है।

