ग्रेटर नोएडा में 12वीं मंजिल से कूदकर शख्स ने की आत्महत्या, परिवार ने बताया-डिप्रेशन में था

News Desk
3 Min Read

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसायटियों में हादसों और खुदकुशी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित ऐस डिविनो (Ace Divino) सोसायटी में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई।

घटना में 36 वर्षीय एक युवक ने 12वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर गांव निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

तड़के 5:30 बजे पुलिस को मिली सूचना

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि ऐस डिविनो सोसायटी के एक टावर की 12वीं मंजिल से एक युवक नीचे गिर गया है। अचानक तेज आवाज सुनकर सोसायटी के सुरक्षा गार्ड और आसपास के निवासी मौके पर पहुंचे, तो युवक लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।

पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

तनाव कम करने फूफा के घर आए थे अनिल

जांच में सामने आया है कि मृतक अनिल कुमार पेशे से टेक कर्मी थे और ग्रेटर नोएडा के टेक जोन स्थित एक कंपनी में कार्यरत थे। वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ नोएडा में ही रह रहे थे। स्वजनों ने बताया कि अनिल पिछले काफी समय से अत्यधिक मानसिक तनाव (डिप्रेशन) से गुजर रहे थे। उनका तनाव और डिप्रेशन कम हो सके, इसके लिए उनके फूफा ने उन्हें अपने पास रहने के लिए बुला लिया था।

अनिल महज 3 दिन पहले ही ऐस डिविनो सोसायटी में रह रहे अपने फूफा के घर आए थे। परिवार को उम्मीद थी कि माहौल बदलने से उनकी मानसिक स्थिति में सुधार होगा, लेकिन शुक्रवार तड़के उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

कारणों की जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना बिसरख प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, और मानसिक तनाव के पीछे पारिवारिक या काम से जुड़ा कोई दबाव था, इन सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment