हाईकोर्ट के कंटेम्प्ट नोटिस के बावजूद अवॉर्ड बनाने में जुटा GDA, 57वें दिन भी कनावनी के किसानों का धरना जारी

News Desk
3 Min Read

न्यायालय के आदेशों की अनदेखी से किसानों में भारी आक्रोश, बोले—अपनी जमीन किसी भी कीमत पर नहीं देंगे

गाजियाबाद। ग्राम कनावनी के किसानों का अपनी मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को लगातार 57 वें दिन भी जारी रहा। किसानों में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) और प्रशासन की कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश है। किसानों का आरोप है कि माननीय न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं किया जा रहा है। इसी मामले में माननीय न्यायालय द्वारा प्राधिकरण और एडीएम के खिलाफ कंटेम्प्ट नोटिस जारी किए जाने के बावजूद प्राधिकरण अवॉर्ड बनाने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।
किसानों का कहना है कि वे लंबे समय से न्यायालय के आदेशों का पालन कराने और खसरा-खतौनी में किसानों के नाम बहाल कराने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। इसके बावजूद उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जा रहा है। किसानों ने स्पष्ट कहा कि वे अपनी जमीन किसी भी कीमत पर नहीं देंगे और जब तक न्यायालय के आदेशों का पालन कराते हुए खसरा-खतौनी में किसानों के नाम बहाल नहीं किए जाते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
किसान प्रवीण नागर ने बताया कि किसानों की लड़ाई किसी व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि अपनी जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए है। किसानों का कहना है कि जब माननीय न्यायालय के आदेशों का पालन कराने के लिए उन्हें धरने पर बैठना पड़ रहा है, तो यह बेहद गंभीर स्थिति है। किसानों ने मांग की कि प्राधिकरण न्यायालय के आदेशों का सम्मान करे और किसानों के नाम खसरा-खतौनी में बहाल कर उनकी समस्या का समाधान करे।
किसानों ने एकजुट होकर कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती और न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।
आज धरना स्थल पर उपस्थित किसान: श्री चन्द नागर, जगदीश शर्मा, जगत सिंह नागर, चतर सिंह नागर, धनेश्वर शर्मा, कबूल सिंह नागर, गजेंद्र नागर, रामपाल अधाना, दीपक महाराज सिंह नागर एवं विजय नागर अशोक कसाना रोहित नागर सहित अन्य किसान मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment