
भर्रोह (गोरखपुर)। गोला पुलिस ने रविवार को चोरी की बाइक के साथ समाजवादी पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया और धारा 411, 413, 467, 468, 471 आइपीसी व 41 सीआरपीसी के तहत जेल भेज दिया।
कोतवाल जयनरायन शुक्ल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों ने एक वर्ष पूर्व बांसगांव थानाक्षेत्र के परसा दीपपुर निवासी अनुज त्रिपाठी की बाइक गगहा थानाक्षेत्र से चुराई थी तभी से इनकी तलाश की जा रही थी। रविवार को दोपहर लगभग एक बजे पुलिस टीम ने रानीपुर पुलिया के पास तीन युवकों को चोरी गई बाइक के साथ पकड़ लिया। पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने बाइक चोरी की घटना कबूल की।
पकड़े गए युवकों की पहचान गोला कस्बे के वार्ड संख्या 18 निवासी और सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष सरोज आलम उर्फ मुन्ना हाशमी, बांसगांव थानाक्षेत्र के कौड़ीराम निवासीगण राजकुमार साहनी और राजू बेलदार के रूप में हुई। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार, अमित कुमार सिंह, वरुण पांडेय, हिरन सिंह यादव आदि शामिल थे।
