
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के यमुना अथॉरिटी के सीईओ आरके सिंह को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सीईओ आरके सिंह का कार्यकाल यूपी सरकार ने एक साल के लिए और बढ़ा दिया है। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें पिछले साल एक साल का एक्सटेंशन दिया गया था। 30 सितंबर को यह कार्यकाल पूरा हो रहा था। अब यूपी सरकार ने दोबारा उन्हें अगले साल 30 सितंबर तक के लिए यमुना अथॉरिटी का सीईओ नियुक्त किया है। वे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ की भी जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
कौन हैं आरके सिंह?
राकेश कुमार सिंह उर्फ आरके सिंह वर्ष 2009 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्हें सीएम योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अधिकारियों में से एक माना जाता है। सीएमओ में सचिव के पद पर रहते हुए नीतिगत फैसलों में अहम भूमिका निभाई। सीएम योगी के सचिव के पद से उनका यमुना अथॉरिटी सीईओ के पद पर किया गया था। आईएएस बनने के बाद यमुना अथॉरिटी के अतिरिक्त सीईओ के पद पर आरके सिंह को पहली पोस्टिंग मिली थी।
आरके सिंह हापुड़-पिलखुआ, गाजियाबाद और मुरादाबाद विकास प्राधिकरणों में वीसी के पद पर तैनात रह चुके हैं। मुरादाबाद और गाजियाबाद में वह कलेक्टर एवं डीएम के पद पर भी तैनात रह चुके हैं। मुरादाबाद नगरायुक्त सहित उत्तर प्रदेश गन्ना संस्थान एवं चीनी मिल में एमडी भी बनाए गए थे।
1994 में हुआ था चयन
आरके सिंह का पीसीएस अधिकारी के तौर पर वर्ष 1994 चयन हुआ था। 2009 में उन्हें आईएएस के तौर पर प्रोन्नति मिली। वे गाजियाबाद, कानपुर और मुरादाबाद के डीएम के पद पर तैनात रहे। नोएडा एयरपोर्ट के ऑपरेशन को बेहतर बनाने और कनेक्टिविटी में उनकी बड़ी भूमिका रही है। उनके सामने नोएडा फिल्म सिटी प्रोजेक्ट को तेजी से आगे बढ़ाने की बात कही जा रही है। अब सरकार से सेवा विस्तार मिलने के बाद यमुना अथॉरिटी के प्रोजेक्ट पर काम तेज होने की बात कही जा रही है।
