नोएडा: सिगरेट की दुकान से खुला कारोबारी की हत्या का राज, गाली देने पर 4 दोस्तों ने घोंटा था गला

News Desk
3 Min Read

नोएडा: सेक्टर-121 निवासी कारोबारी प्रशांत शर्मा की हत्या के मामले में फेज-3 थाना पुलिस ने 100 से अधिक स्थानों पर जांच के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इनकी पहचान कारोबारी की सिगरेट की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से हुई।

आरोपी हत्या के बाद कार को अलीगढ़ के अकराबाद इलाके में एक पुल के नीचे खड़ी कर 17 सितंबर की सुबह बस से नोएडा लौट आए थे। पुलिस ने मंगलवार तड़के चारों को गढ़ी चौखड़ी इलाके से गिरफ्तार किया। मृतक टैक्सी संचालक और प्रॉपर्टी कारोबारी थे।

फेज-3 थाने में दर्ज हुई थी मशुदगी

20 सितंबर की रात प्रशांत का बेटा फेज-3 थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचा। पुलिस ने तलाश शुरू की और गौड़ सिटी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में प्रशांत आरोपियों के साथ सिगरेट की दुकान पर दिखाई दिए। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान की और मंगलवार तड़के चारों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान हाथरस के गौसगंज निवासी नितिन, रायबरेली के दौतरा गांव निवासी निगम ठाकुर, कटिहार के पसौल निवासी मोहित और दरभंगा के बिरौल गांव निवासी इरफान के रूप में हुई है।

गाली देने के बाद मामला बिगड़ा

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर की रात प्रशांत शर्मा तिकोना पार्क के पास गए थे। वहां उनकी गढ़ी चौखड़ी निवासी बिट्टू उर्फ नितिन और निगम ठाकुर से मुलाकात हुई। सिगरेट पीने के दौरान दोनों से पहचान हुई। इसके बाद प्रशांत दोनों को पार्टी करने के लिए अपनी कार में बैठाकर गौड़ सिटी की ओर ले गए। रास्ते में शराब की एक बोतल खरीदी गई। इसके बाद नितिन ने अपने दो अन्य दोस्तों मोहित और इरफान को भी बुला लिया।

पुलिस ने कर दिया था अंतिम संस्कार

पुलिस के मुताबिक, पांचो ने मिलकर शराब पी। इसी दौरान बातचीत में प्रशांत ने चारों युवकों को गाली दे दी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर चारों ने उसका गला दबा दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को बिसरख थाना क्षेत्र में एक नाले के पास फेंक दिया गया। बिसरख थाना पुलिस ने 17 सितंबर को शव को कब्जे में लेकर 20 सितंबर को अज्ञात में अंतिम संस्कार कर दिया था।

Share This Article
Leave a Comment