दिल्ली-मेरठ हाईवे पर रोडरेज, डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट

Amit
2 Min Read

गाजियाबाद – मुरादनगर थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ हाईवे पर रोडरेज की घटना सामने आई है। पिलर नंबर 903 के पास ओवरटेक को लेकर हुए विवाद में एक डिलीवरी बॉय घायल हो गया। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक ब्लिंकिट में काम करने वाले डिलीवरी बॉय सागर कुमार अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मेरठ निवासी विकास गोस्वामी की गाड़ी ने उन्हें ओवरटेक किया। गाड़ियों के बीच टक्कर लगने की बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि विकास गोस्वामी ने सागर कुमार के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में सागर घायल हो गए। सूचना मिलते ही मुरादनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उनका मेडिकल कराया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि घायल सागर कुमार मुरादनगर की जीतपुर हंस कॉलोनी के निवासी हैं, जबकि आरोपी विकास गोस्वामी मेरठ के थाना किला क्षेत्र का रहने वाला है।

पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment