पूर्वी दिल्ली। न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडीए के पार्क में चाकू से ताबड़तोड़ वार करके तोहिद नाम के युवक की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। महज थप्पड़ का बदला लेने के लिए तीन लोगों ने मिलकर हत्या को अंजाम दिया था।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पहचान शाहनवाज, नूर हसन और अनस के रूप में हुई है। इनके पास से पुलिस ने वारदात मे इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि शनिवार तड़के डीडीए पार्क में खून से लथपथ हालत में एक युवक के पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
साथी अनस के साथ रची थी साजिश
न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया। पुलिस को जांच में पता चला कि बृहस्पतिवार को तोहिद का शास्त्री पार्क में रहने वाले दो युवकों से विवाद हुआ था। तोहीद ने नूर हसन नाम के युवक को थप्पड़ मार दिया था और शाहनवाज को जान से मारने की धमकी दी थी।
इस बात से वह दोनों नाराज थे। उन्होंने अपने साथी अनस के साथ मिलकर बदला लेने की साजिश रची और तोहीद को डीडीए पार्क में विवाद को सुलझाने की बात कहकर बुलाया और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
