गाजियाबाद। अतिव्यस्त लालकुआं चौराहे और जीटी रोड पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के प्रवेश का समय निर्धारित कर दिया है।
पांच सितंबर से जीटी रोड पर आर्य फार्म हाउस से लालकुआं के बीच भारी वाहनों का प्रवेश शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान लोहा मंडी से आने वाले ट्रक और डंपर भी लालकुआं की तरफ नहीं जा पाएंगे।
व्यस्त समय में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन के मुताबिक लोहा मंडी से आने वाले भारी वाहनों के कारण लालकुआं चौराहे पर अत्यधिक दबाव रहता है। इससे शाम को व्यस्त समय में भीषण जाम की स्थिति बनती है।
इस समस्या को लेकर लोहा मंडी ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और व्यापारियों के साथ बैठक की गई। जिसमें जाम को दूर करने के लिए शाम को व्यस्त समय में भारी वाहनों की आवाजाही रोकने पर सहमति बनी।
नियम तोड़ने वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई
निर्धारित नो-एंट्री समय में यदि कोई भारी वाहन इस मार्ग पर आता है तो उसके विरुद्ध यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस ने लोहा मंडी के ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों से अपील की है कि वे भारी वाहनों की रवानगी निर्धारित समय के अनुसार करें, जिससे लालकुआं और जीटी रोड पर जाम न लगे।
