नोएडा। दोस्त की बर्थडे पार्टी के दौरान सेक्टर 135 स्थित स्विमिंग पूल में नहाते समय एक युवक बेहोश हो गया। दोस्तों ने युवक को बाहर निकालकर नजदीक के अस्पताल पहुंचाया। वहां पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पता नहीं चलने पर बिसरा प्रिसर्व कर लिया गया। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत होने की आंशका जताई जा रही है। उधर, स्वजन की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच में जुटी है।
मणिपुर के तमेंगलांग के तमाह गांव का 26 वर्षीय लकी सनवऊ डामया नोएडा के वाजिदपुर गांव में किराये पर रहता था। बीए पास लकी नोएडा के एक कंपनी कार्यालय में नौकरी करता था। शनिवार रात को सेक्टर 135 स्थित यमुना किनारे नाम के स्विमिंग पूल में लकी के दोस्त के जन्मदिन की पार्टी थी।
वहां पर केक काटने के बाद खाना-पीना करने के दौरान लकी स्विमिंग पूल में नहा रहा था। इसी बीच उसकी तबियत खराब हो गई। वह स्विमिंग पूल में ही गिर गया। दोस्तों ने लकी को बाहर निकाला। उसे नजदीक के प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। जानकारी होने पर दिल्ली घिटोरनी में रहने वाली लकी की बहन वायलान डिलो मौके पर पहुंच गई। अस्पताल में लकी की मौत हो गई।
बिसरा किया गया प्रिसर्व
अस्पताल प्रबंधन की ओर से जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। रविवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई। थाना प्रभारी अमित कुमार खारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं आया है। इसके चलते बिसरा प्रिसर्व है। अभी तक की जांच में हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
नोएडा में स्विमिंग पूल में नहाते समय डूबने और तबियत खराब होने से पहले भी हादसे हो चुके हैं। अप्रैल 2024 में सेक्टर 38ए स्थित वाटर पार्क में चार दोस्तों संग नहाने आए दिल्ली के धनंजय माहेश्वरी की तबीयत खराब होने से मौत हो गई थी। स्वजन ने वाटर पार्क प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए थे। 28 अप्रैल 2026 को इसी वाटर पार्क में ग्रेटर नोएडा के पटेल न्यू टाउन के रहने वाले द्रोण शर्मा की तबियत खराब होने से मौत हो गई थी।
स्विमिंग पूल में नहाते समय खाने-पीने से बचें
चिकित्सक डॉ. संजीव ने बताया कि स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान खाने-पीने से बचना चाहिए। खाना पेट मे होने से उल्टी हो सकती है।स्वास नली में खाना फंसने से मौत भी हो सकती है। बिना अभ्यास किए लगातार स्विमिंग करने से बचना चाहिए।

