दिल्ली में गैस संकट और कालाबाजारी से लोग परेशान, एजेंसियों पर हंगामा

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली- राजधानी दिल्ली में एलपीजी गैस सिलिंडर की कमी और कालाबाजारी ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई इलाकों में उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है, वहीं कुछ जगहों पर ऊंचे दामों पर गैस बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में मंगलवार को गैस एजेंसी पर उस समय हंगामा हो गया, जब एक उपभोक्ता ने सिलिंडर में कम गैस मिलने का आरोप लगाया। शिकायत करने पर एजेंसी कर्मियों से विवाद बढ़ गया और स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में अवैध रूप से गैस की रिफिलिंग भी जारी है, जहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए ऊंचे दामों पर गैस बेची जा रही है। इससे हादसों का खतरा भी बना हुआ है।

इधर, कई उपभोक्ताओं ने सिलिंडर न मिलने की शिकायत की है। कुछ लोग कई दिनों से एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इससे घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है।

पुलिस और प्रशासन का कहना है कि कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी तरह की अनियमितता की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि सख्त कदम उठाए जा सकें।

Share This Article
Leave a Comment