नोएडा में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: सेक्टर-18 में गोलीबारी, एक बदमाश को लगी गोली; दो गिरफ्तार

News Desk
3 Min Read

नोएडा सेक्टर 20 थाना पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। डीएलएफ तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया, लेकिन वे रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे।

आरोपियों के पास क्या-क्या मिला

पुलिस टीम ने पीछा किया तो सेक्टर 18 मल्टीलेवल पार्किंग, के सामने झाड़ियों के पास बदमाशों ने पुलिस पर गोलीबारी कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे को कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद किया है।

नोएडा अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्र ने आज जानकारी देते हुए बताया कि,देर रात सेक्टर 20 थाना की टीम डीएलएफ तिराहे के पास नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन उन्होंने आदेश की अनदेखी करते हुए भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया। दोनों सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के सामने झाड़ियों के पास पहुंचे तो उन्होंने जान से मारने की नीयत से टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया।

गोली लगने से घायल बदमाश की पहचान सलमान उर्फ राजा उर्फ मामा (34) निवासी समसु कॉलोनी, कस्बा इंचौली, मेरठ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और 12,400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने नकदी को स्नैचिंग की घटनाओं से संबंधित बताया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस दौरान दूसरे आरोपी दानिश (22) निवासी ग्राम जिठोला नारंगपुर, थाना परीक्षितगढ़, मेरठ को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को उसके कब्जे से स्नैचिंग का एक मोबाइल फोन और 2,000 रुपये नकद बरामद हुए हैं। इस तरह दोनों आरोपियों के पास से कुल 14,400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

मोटरसाइकिल भी जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है। यह मोटरसाइकिल दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना में दर्ज मुकदमा संख्या 22986/2026 से संबंधित है। फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। मामले में बरामदगी और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामलों और कथित वारदातों से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article
Leave a Comment