नोएडा-ग्रेटर नोएडा में फिर बदला स्कूलों का समय, 6 जुलाई से पुराने समय पर खुलेंगे कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल

News Desk
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा। जिला प्रशासन ने जिले के सभी कक्षा एक से आठ तक स्कूलों का पूर्व निर्धारित समय तय कर दिया है। पूर्व निर्धारित समय सभी स्कूलों में सोमवार यानी छह जुलाई से लागू होगा।

हाल में शिक्षा विभाग ने स्कूलों का समय सुबह सात से 12 बजे कर दिया था, लेकिन भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूर्व में स्कूल की टाइमिंग में जो अस्थाई बदलाव किया गया था, उसे अब मौसम और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वापस ले लिया गया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राहुल पंवार ने शनिवार को इस संबंध में एक आधिकारिक कार्यालय आदेश जारी कर दिया है। बता दें कि पिछले दिनों जनपद में पड़ रही अत्यधिक गर्मी, बढ़ते तापमान और भारी उमस के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही थी। छात्रों को इस तपती गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से, जिलाधिकारी की अनुमति के बाद 29 जून को स्कूलों का समय सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक के लिए परिवर्तित कर दिया गया था।

अब शनिवार को जारी नए आदेश के अनुसार, पूर्व निर्धारित समय को तत्काल प्रभाव से बहाल करने का निर्णय लिया गया है। यह नया नियम जनपद के समस्त परिषदीय, राज्य सरकार द्वारा सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आइसीएसई, मदरसा एवं अन्य सभी शिक्षा बोर्डों से संबद्ध विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।

कक्षा एक से आठ तक की सभी कक्षाएं अब आगामी सोमवार से ग्रीष्मकालीन निर्धारित समयानुसार पूर्ण अवधि के लिए संचालित होंगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने अपने आदेश में स्पष्ट रूप से निर्देश दिया है कि जनपद के सभी संबंधित स्कूल इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment