दनकौर। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के समसपुर गांव निवासी एक युवक ने ऑनलाइन एंड्राइड फोन मंगाया था। मंगलवार को फोन की डिलीवरी होने के बाद जब उसने पैकेट खोला तो उसके होश उड़ गए। डिब्बे में एंड्राइड फोन की जगह गोबर जैसा पदार्थ रखा हुआ था। पीड़ित ने मामले की शिकायत दनकौर कोतवाली की साइबर सेल में की है।
समसपुर गांव निवासी आकाश ने बताया कि उसने कुछ दिन पहले एक ऑनलाइन प्लेटफार्म के माध्यम से एंड्राइड फोन आर्डर किया था। मंगलवार को उसके पते पर सामान की डिलीवरी पहुंची।
पैकेट खोला तो मोबाइल फोन नहीं मिला
डिलीवरी लेने के बाद जब उसने पैकेट खोला तो उसमें मोबाइल फोन नहीं मिला। इसके बजाय डिब्बे के अंदर गोबर जैसा पदार्थ रखा हुआ था। आकाश का आरोप है कि ऑनलाइन सामान मंगाने के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी की गई है।
घटना के बाद पीड़ित ने पूरे मामले का वीडियो भी बनाया और उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो में वह डिलीवरी से मिले पैकेट और उसके अंदर मौजूद पदार्थ को दिखाता नजर आ रहा है। वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
ऑनलाइन आर्डर के नाम पर हुई धोखाधड़ी में कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने दनकौर कोतवाली की साइबर सेल में शिकायत देकर मामले की जांच कराने और ऑनलाइन आर्डर के नाम पर हुई धोखाधड़ी में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही आर्डर और डिलीवरी से संबंधित जानकारी के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।
