ग्रेटर नोएडा। पलवल निवासी जयंती की मंगलवार को नालेज पार्क स्थित शारदा अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। मृतका के भतीजे निखिल, निवासी सुतियाना ने पुलिस को शिकायत देकर मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
निखिल के अनुसार जयंती के पेट में अचानक दर्द उठा था। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए दोपहर करीब एक बजे शारदा अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उन्हें आयुष्मान कार्ड की सुविधा के तहत भर्ती किया गया था, इस दौरान अस्पताल के स्टाफ ने अप्रूवल नहीं मिलने की बात कहकर उपचार करने से मना कर दिया, जबकि स्वजन उपचार के पैसे देने की बात कहते रहे। उपचार नहीं मिलने के कारण जयंती की मौत हो गई।
जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
महिला की मौत के बाद स्वजन में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल में हंगामा करते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि समय पर उपचार मिलता तो जयंती की जान बचाई जा सकती थी। स्वजन की ओर से पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
मामला संज्ञान में आया है। पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं। इलाज के बकाया रुपए के लेनदेन को लेकर स्वजन आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल अभी स्वजन की तरफ से कोई पत्र नहीं दिया गया है। लिखित में शिकायती पत्र मिलने पर जांच में मिले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
– विनोद कुमार, प्रभारी निरीक्षक नॉलेज पार्क कोतवाली
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि 80 वर्षीय महिला मरीज, जिन्हें पूर्व में मायोकार्डियल इन्फार्क्शन (हार्ट अटैक) हो चुका था, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। मरीज पिछले 3–4 दिनों से हार्ट अटैक के लक्षणों से पीड़ित थीं और उनका स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा था।
मरीज एवं परिजनों को अस्पताल में भर्ती की आवश्यकता के बारे में समझाया गया। इसके बाद उन्हें तत्काल इमरजेंसी विभाग में स्थानांतरित कर स्थापित चिकित्सा प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार शुरू किया गया। उपचार के दौरान उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट हुआ, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
