केंद्रीय बजट को लेकर सीएम रेखा गुप्ता का बयान, दिल्ली के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली- मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय बजट को देश के विकास को गति देने वाला बताते हुए कहा है कि इस बार केंद्र सरकार ने पूंजीगत व्यय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है, जिससे राज्यों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को भी सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि दिल्ली के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य मिलकर आगे बढ़ेंगे।

केंद्रीय बजट पर आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि दिल्ली के लिए इस बजट में कुल 1348 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस राशि का उपयोग राजधानी में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, जल आपूर्ति व्यवस्था सुधारने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार का कुल पूंजीगत खर्च पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ाया गया है। जहां पहले यह 11.2 लाख करोड़ रुपये था, वहीं अब इसे बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे सड़कों, परिवहन, शहरी विकास और अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स को गति मिलेगी, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और महानगरों को विशेष लाभ पहुंचेगा।

उन्होंने दिल्ली पुलिस के बजट का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजधानी की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी केंद्र सरकार निभाती है। इस वर्ष दिल्ली पुलिस के लिए 12,503 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें कर्मियों का वेतन, पुलिस थाने, वाहन, आधुनिक तकनीक और सुरक्षा संसाधन शामिल हैं।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली पुलिस का खर्च केंद्र द्वारा वहन किए जाने से राज्य सरकार पर वित्तीय बोझ कम होता है, जिससे दिल्ली सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पानी और सामाजिक कल्याण की योजनाओं पर अधिक संसाधन खर्च कर पाती है। उन्होंने इस सहयोग के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका की भी सराहना की।

Share This Article
Leave a Comment