दिल्ली पुलिस का मेगा एक्शन: ‘ऑपरेशन साईहॉक 6.0’ के तहत 944 साइबर अपराधी गिरफ्तार, 479 करोड़ की ठगी का खुलासा

News Desk
3 Min Read

नई दिल्ली। संगठित साइबर अपराध के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए दिल्ली पुलिस ने 28 और 29 अक्टूबर को पूरी राष्ट्रीय राजधानी में ऑपरेशन साईहॉक 6.0 अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने 4,979 संदिग्धों को जांच के लिए हिरासत में लिया, जिनसे गहन पूछताछ के बाद 944 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने करीब 479.14 करोड़ रुपये की ठगी से जुड़े मामले सुलझाए। पुलिस ने ठगी करने वालों के साथ फर्जी बैंक खाते और सिमकार्ड उपलब्ध कराने वालों, काल सेंटर चलाने वालों तथा मनी लांड्रिंग से जुड़े नेटवर्क पर भी कार्रवाई की।

संयुक्त आयुक्त चिन्मय विस्वाल के अनुसार, पुलिस ने कमीशन या किराये पर बैंक खाते देने वालों, फर्जी तरीके से खाते खुलवाने या डाटा लीक करने वाले बैंककर्मियों और एजेंसियों, दूसरों के नाम पर सिम जारी करने वालों तथा सिम बाक्स ऑपरेटरों को निशाना बनाया।

संयुक्त आयुक्त नुपूर प्रसाद ने बताया कि 16-17 जून को हुए ऑपरेशन साईहॉक 5.0 की तुलना में इस बार नई एफआईआर में लगभग 24 प्रतिशत और एनसीआरपी शिकायतों के समाधान में 46 प्रतिशत वृद्धि हुई। अन्य राज्यों की शिकायतों पर 57 प्रतिशत से अधिक कार्रवाई की गई।

283 पुलिस टीमों ने की छापेमारी

देशव्यापी कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस की 283 टीमों ने 17 राज्यों और पांच केंद्र शासित प्रदेशों में छापेमारी की। दबिश जम्मू, हिमाचल प्रदेश और पंजाब से लेकर केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक तक तथा गुजरात और महाराष्ट्र से लेकर बंगाल, झारखंड और ओडिशा तक दी गई।

अभियान के आंकड़ों के अनुसार, कुल 1,032 एफआइआर दर्ज हुईं। एनसीआरपी पोर्टल की 4,002 शिकायतें सुलझाई गईं। इनमें 727 दिल्ली और 3,275 अन्य राज्यों की थीं।

बरामदगियां छापेमारी में 1,037 मोबाइल, 1,301 सिमकार्ड, छह सिम बाक्स, 106 लैपटाप व कंप्यूटर, 397 एटीएम कार्ड, 244 पासबुक और बैंक किट जब्त की गईं। इसके अलावा 37.67 लाख रुपये नकद, 11 कारें, 10 दोपहिया वाहन, सोना, क्रिप्टोकरेंसी और 325 आधार कार्ड बरामद हुए।

मुख्य गिरफ्तारियां

  • जामताड़ा मॉडल : धनबाद (झारखंड) से क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के कई सदस्यों को पुलिस ने दबोचा
  • मैत्री व मैट्रिमोनियल फ्रॉड : दुर्ग-भिलाई (छत्तीसगढ़) से शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया
  • म्यूल अकाउंट सप्लायर : कानपुर, ग्रेटर नोएडा, मुंबई, लखनऊ, राजस्थान और पंजाब से बैंक खाते सप्लाई करने वाले नेटवर्क पकड़े गए
Share This Article
Leave a Comment