ऑपरेशन साईहॉक 6.0 का बड़ा प्रहार: दिल्ली पुलिस ने 944 साइबर अपराधियों को दबोचा, 3,813 पर कड़ी कार्रवाई

News Desk
4 Min Read

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने संगठित साइबर अपराध के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चलाए गए ऑपरेशन साइहॉक 6.0 के तहत बड़ी कार्रवाई की है. 28 और 29 अक्टूबर को चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस ने 944 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 788 लोगों को पाबंद किया गया. इसके अलावा 2,081 अन्य लोगों को नोटिस जारी किए गए. इस तरह कुल 3,813 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई. पुलिस ने 4,002 साइबर ठगी की शिकायतों को भी सुलझाया है, जिनमें करीब 479.14 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी शामिल है.

दिल्ली पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 1,032 एफआईआर पर कार्रवाई की गई. इनमें 596 नई एफआईआर, 432 पुराने मामले और चार कलंदर शामिल हैं. सुलझाई गई शिकायतों में 727 दिल्ली और 3,275 अन्य राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से संबंधित हैं. अभियान में दिल्ली के सभी 15 जिलों के साथ क्राइम ब्रांच (साइबर) और स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट शामिल रही. सत्यापन के लिए दिल्लीभर में 4,979 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया या राउंडअप किया गया.

इस कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस की 283 टीमें 17 राज्यों और पांच केंद्रशासित प्रदेशों में पहुंचीं. पुलिस ने झारखंड के धनबाद में जामताड़ा से जुड़े क्रेडिट कार्ड सिंडिकेट, दुर्ग-भिलाई के मैट्रिमोनियल फ्रॉड गिरोह, कानपुर और ग्रेटर नोएडा में म्यूल बैंक खातों के सप्लायरों सहित कई अंतरराज्यीय नेटवर्क पर कार्रवाई की. अभियान में 1,037 मोबाइल फोन, 1,301 सिम कार्ड, 106 लैपटॉप और कंप्यूटर, 397 एटीएम कार्ड, 244 से अधिक बैंक किट और पासबुक, 325 आधार कार्ड, छह सिम बॉक्स, 11 कारें और 10 दोपहिया वाहन बरामद किए गए. इसके अलावा 37.67 लाख रुपये नकद, सोना और क्रिप्टोकरेंसी (USDT) भी जब्त की गई.

पुलिस ने फर्जी बैंक खाते खुलवाने वाले लोगों, बैंक कर्मचारियों, सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले एजेंटों और अवैध कॉल सेंटर संचालकों पर भी शिकंजा कसा. शाहदरा जिले में फर्जी केवाईसी कॉल के जरिए ठगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई. वहीं उत्तर-पश्चिम जिले में बैंक अधिकारियों और दक्षिण जिले में सर्विस एजेंसी के कर्मचारियों की कथित संलिप्तता सामने आने पर गिरफ्तारियां की गईं. पूर्वी जिले ने चलती गाड़ी से संचालित हो रहे एक अवैध कॉल सेंटर का भी भंडाफोड़ किया.

दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त (IFSO) चिन्मय बिस्वाल ने बताया कि साइबर ठगी अब किसी एक व्यक्ति की करतूत नहीं, बल्कि बैंक खातों, सिम कार्ड, कॉल सेंटर और पैसों के लेनदेन से जुड़ी संगठित सप्लाई चेन बन चुकी है. ऑपरेशन साइहॉक 6.0 में पुलिस ने केवल ठगी करने वालों पर ही नहीं, बल्कि उन्हें बैंक खाते, सिम कार्ड और भुगतान का ढांचा उपलब्ध कराने वाले पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की है. अभियान के छह संस्करणों में अब तक 3,300 से अधिक गिरफ्तारियां हो चुकी हैं. आगे भी खुफिया जानकारी और डेटा विश्लेषण के आधार पर ऐसे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या सिम किसी को न दें. साथ ही साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या [www.cybercrime.gov.in](http://www.cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं.

Share This Article
Leave a Comment