पूर्वी दिल्ली में DDA का बड़ा एक्शन: मंडावली में तीन मंजिला अवैध मकान पर चला बुलडोजर

News Desk
2 Min Read

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली में मंडावली के पूर्वी स्कूल ब्लाक स्थित नरवाना रोड पर डीडीए ने शुक्रवार को अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन मंजिला अवैध मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।

इसके साथ ही डीडीए की जमीन पर मुख्य सड़क किनारे चल रहे गिट्टी, बालू और बदरपुर के अवैध कारोबार के लिए किए गए भंडारण को भी हटवाया गया। निर्माण सामग्री के कारोबार के कारण सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रालियों की आवाजाही और पार्किंग बढ़ गई थी, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

लिंटर डालने की थी तैयारी

कार्रवाई के दौरान डीडीए की टीम ने निर्माणाधीन मकान को पूरी तरह ढहा दिया। मकान की दो मंजिलों पर लिंटर डाले जा चुके थे, जबकि तीसरी मंजिल का लिंटर डालने की तैयारी चल रही थी।

इससे पहले कि निर्माण कार्य आगे बढ़ता, डीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

डीडीए जमीन खाली कराई

वहीं, खाली पड़ी जमीन पर मुख्य सड़क किनारे गिट्टी, बालू और बदरपुर के भंडारण के साथ व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। निर्माण सामग्री के कारोबार के चलते ट्रैक्टर-ट्रालियों की आवाजाही और सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग से रिहायशी इलाके में अव्यवस्था फैली रहती थी। डीडीए की टीम ने मौके से निर्माण सामग्री का भंडारण हटवाकर जमीन खाली कराई।

डीडीए अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल निर्माणाधीन मकान और जमीन पर अवैध रूप से संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आसपास की सरकारी जमीन पर किए गए अन्य अतिक्रमण को भी चिह्नित किया जा रहा है। इन्हें भी जल्द हटाया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment