
गाजियाबाद। हिमाचल प्रदेश के रोहतांग दर्रे पर हादसे में जान गंवाने वाले 17 वर्षीय रुद्र कुमार की याद में रविवार शाम गोविंदपुरम स्थित गौड़ होम्स के गेट नंबर-दो से अभिभावकों ने कैंडल मार्च निकाला।
हाथों में मोमबत्तियां लेकर निकले लोगों ने रुद्र की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
रुद्र आकाश नगर में अपने परिवार के साथ रहते थे। वह गोविंदपुरम स्थित ब्राइटलैंड स्कूल में कक्षा 11 के वाणिज्य वर्ग के छात्र थे।
पढ़ाई में होनहार होने के साथ ही वह फुटबाल के भी अच्छे खिलाड़ी थे। मंगलवार को स्कूल के कक्षा 11 के विद्यार्थियों का एक समूह मनाली घूमने गया था। इसी दौरान समूह रोहतांग दर्रे की ओर पहुंचा।
इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गए। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।
