न्यू सीमापुरी हादसा: 4 मौतों के बाद दिल्ली सरकार का बड़ा एक्शन, दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

News Desk
3 Min Read

नई दिल्ली: दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में चार लोगों की मौत का कारण बनी इमारत गिरने की घटना को लेकर दिल्ली सरकार ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं. दिल्ली सरकार में गृह मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी. इसमें कहा गया कि हादसे के हर पहलू की गहन जांच की जाएगी और अगर किसी व्यक्ति या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. मामले की जांच उत्तर-पूर्वी जिले के जिला मजिस्ट्रेट करेंगे. उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि हादसे में अनमोल जिंदगियां गई हैं. सरकार की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है. साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए भवनों की संरचनात्मक सुरक्षा से जुड़े नियमों को सख्ती से लागू किया जाएगा.

7 अक्टूबर को ढही थी चार से पांच मंजिला इमारत

दरअसल, बीते 7 अक्टूबर को न्यू सीमापुरी में आवासीय इमारत ढह गई थी, जो कि महज 20 से 25 वर्ग गज के छोटे भूखंड पर बनी थी. हादसे के कारण आसपास की तीन अन्य इमारतों को भी भारी नुकसान पहुंचा था. इसके बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) ने इन इमारतों को असुरक्षित घोषित कर खाली करा लिया था.

अवैध निर्माण में तोड़फोड़ से हादसे की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आसपास के एक अनधिकृत निर्माण स्थल पर भारी मशीनों से की जा रही तोड़फोड़ और उससे पैदा हो रहे कंपन के कारण इमारत ढहने की आशंका है. क्षेत्र की अन्य आवासीय इमारतों में भी संरचनात्मक कमजोरियां पाई गई हैं. बताया गया कि इनमें से कई इमारतें छोटे भूखंडों पर उचित कॉलम और बीम के बिना बनाई गई हैं.

जांच में इन पांच बिंदुओं पर होगा फोकस

मजिस्ट्रियल जांच के दौरान हादसे के वास्तविक कारणों और उससे जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा. इसके अलावा भवन मालिकों, किरायेदारों और निजी व्यक्तियों की ओर से भवन निर्माण नियमों एवं सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पड़ताल होगी. जांच में सरकारी विभागों, नगर निकायों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका भी तय की जाएगी. किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक मिलने पर जिम्मेदार व्यक्तियों, एजेंसियों और अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी. साथ ही राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के क्रियान्वयन की समीक्षा कर भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए स्थायी और प्रभावी उपाय सुझाए जाएंगे.

Share This Article
Leave a Comment