दिनदहाड़े दिल्ली में बड़ी डकैती: लाहौरी गेट इलाके में गनपॉइंट पर 2.30 करोड़ रुपये की लूट

News Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके से बुधवार को हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े 2.30 करोड़ रुपये लूट लिए। चर्च मिशन पुलिस चौकी क्षेत्र के एक कार्यालय में चार हथियारबंद बदमाश घुस गए। उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारी को पिस्टल तान कर बंधक बनाकर धमकाया और अलमारी में रखी नकदी बैग में भर ली।

इसके बाद पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने पहले से खड़ी कार में बैठकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

बदमाशों की पहचान करेगी 4 टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने लाहौरी गेट थाने में लूट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, भागते हुए बदमाश कैमरे में कैद हुए हैं और जिस कार से वे फरार हुए, उसका नंबर भी पता कर लिया गया है।

भागने के लिए कर रखा था पूरा इंतजाम

जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने वारदात से पहले भागने का पूरा इंतजाम कर रखा था। चार बदमाश कार्यालय में लूटपाट करने पहुंचे थे, जबकि उनका एक साथी पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने कार लेकर इंतजार कर रहा था।

वारदात के बाद चारों कार तक पहुंचे और पांचवें साथी के साथ फरार हो गए। पुलिस को आशंका है कि साजिश पहले से रची गई थी और बदमाशों को कार्यालय में बड़ी रकम रखे होने की जानकारी थी।

जांच के दायरे में कर्मचारी की भूमिका

पुलिस कार्यालय में मौजूद कर्मचारी से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियों को कर्मचारी की भूमिका पर भी संदेह है।

पुलिस पता लगा रही है कि बदमाशों को रकम की जानकारी कैसे मिली और क्या किसी ने अंदरूनी स्तर पर उनकी मदद की थी। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज, कार नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment