मोती नगर में खूनी झड़प, नाबालिग की जान गई, एक युवक गंभीर रूप से घायल

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली- दिल्ली के मोती नगर क्षेत्र में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब चाकू से किए गए हमले में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार शाम करीब 6 बजकर 37 मिनट पर मोती नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक नाबालिग को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। जांच में सामने आया कि किशोर के दाहिने कंधे के नीचे चाकू से वार किया गया था, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई थी।

इसी घटना से जुड़े एक अन्य मामले में शाम 7 बजकर 50 मिनट के आसपास पुलिस को दूसरे घायल युवक की जानकारी मिली। घायल की पहचान लगभग 25 वर्षीय मोहम्मद दानिश के रूप में हुई है। उसकी पीठ पर चाकू से हमला किया गया था। पहले उसे आचार्य भिक्षु अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के चलते बाद में एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि दोनों वारदातें डीएलएफ मोती नगर के पास स्थित डीडीए पार्क इलाके में हुईं। पुलिस  जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Share This Article
Leave a Comment