11 फरवरी को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए अपर जिला जज ने अधिकारियों के साथ की बैठक

Rohit Kumar
3 Min Read

ग्रेटर नोएडा संवाददाता, आगामी 11 फरवरी को जनपद मुख्यालय, दीवानी न्यायालय एवं तहसील न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, पारिवारिक मामलें, मोटरयान दुर्घटना अधिनियम के मामलें, बिजली व पानी से सम्बन्धित मामलें,धारा 138 एनआई एक्ट के वाद, भू-राजस्व वाद, सेवा संबंधित मामले एवं प्री-लिटीगेशन मामलें व अन्य प्रकृति के वादों का निस्तारण सुलह एवं समझौते के आधार पर किया जाएगा। आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक विभिन्न वादों का निस्तारण समझौतों के आधार पर सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ एवं जनपद के जनपद न्यायधीश के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को अपर जिला जज/सचिव पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर राजीव कुमार वत्स ने अपने कार्यालय कक्ष में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करते हुए कहा कि आम नागरिकों को सुलभ एवं शीघ्रता के साथ न्याय दिलाने के उद्देश्य से निरंतर स्तर पर राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारीगण आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए समय रहते अपनी तैयारियां पूर्ण कर लें एवं निस्तारित होने वाले वादों का चिन्हीकरण करते हुए राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन अधिक से अधिक वाद निस्तारित करने की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे ताकि सरकार एवं न्यायालय के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आम नागरिकों को अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो सके। इस अवसर पर उन्होंने डिप्टी कलेक्टर गौतमबुद्धनगर का आह्वान करते हुए कहा कि उनके द्वारा राजस्व विभाग तथा अन्य उनके अधीनस्थ समस्त विभागों के अधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कराने के उद्देश्य से अभी से तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारियों का यह भी आह्वान किया है कि सभी विभागीय अधिकारियों के द्वारा अपने-अपने विभागों के वादों का निस्तारण सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित किया जाए ताकि संबंधित वादकारी राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाते हुए अपने वादों का निस्तारण करा सकें। इस महत्वपूर्ण बैठक में डिप्टी कलेक्टर गौतमबुद्धनगर कोमल पंवार, तहसीलदार दादरी विवेकानन्द मिश्र, न्यायिक तहसीलदार ज्योत्सना सिंह तथा अन्य विभागीय अधिकारियों के द्वारा भाग लिया गया।

Share This Article
Leave a Comment