दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर के गांव चुड़ियाला के समीप शनिवार रात अज्ञात वाहन ने कांवड़ लेने जा रहे स्कूटी सवार कावड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। वहीं दिल्ली- मेरठ मार्ग पर अलग अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में नौ कावड़ियां घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया ।
नई दिल्ली की शिवपुरी कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय चंदन अपने साथी करण के साथ स्कूटी से कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार जा रहे थे। शनिवार रात लगभग 12 बजे वह दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर के गांव सैदपुर के पास पहुंचे तो किसी अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद स्कूटी सवार चंदन और करन उछलकर काफी दूर जा गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सको ने चंदन को मृत घोषित कर दिया, करन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दें दी गई। विज्ञापन
इसके अलावा गाजियाबाद निवासी रवि कुमार और सोनू बाइक से हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे थे। जैसे ही वह दिल्ली मेरठ मार्ग पर गांव सीकरी कला के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार बुलेट ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए।
दिल्ली के रोहिणी निवासी गौरव, प्रियांक, सुमित और मयंक भी बाइक से हरिद्वार जा रहे थे, दिल्ली मेरठ मार्ग पर बस स्टैंड के पास इनकी बाइक भिड़ गई। नोएडा निवासी वरुण कुमार व दिल्ली के बुराड़ी निवासी अमित को सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के छुट्टी दें दी गई।

