ग्रेटर नोएडा—बेनेट यूनिवर्सिटी में छात्रों द्वारा मेस के भोजन में कीड़े को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। कई छात्रों ने दावा किया है कि उन्हें परोसे जा रहे भोजन में कीड़े मिले, जिसके बाद कैंपस में नाराज़गी बढ़ गई है। छात्रों ने इसकी रिकॉर्डिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर विश्वविद्यालय प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
एक छात्र ने बताया कि हॉस्टल और मेस की सुविधा के लिए वे प्रति वर्ष करीब 1.70 लाख रुपये अदा करते हैं, बावजूद इसके उन्हें बेहद घटिया भोजन दिया जा रहा है। छात्रों का कहना है कि इतने महंगे शुल्क लेने के बावजूद भोजन की निगरानी में भारी लापरवाही बरती जा रही है।
समाजवादी छात्र सभा के अध्यक्ष मोहित नागर ने भी यह वीडियो पोस्ट करते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि “छात्रों की सेहत के साथ खुला खिलवाड़ हो रहा है, और इतनी बड़ी फीस के बाद भी उन्हें सुरक्षित और साफ भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।”
वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया है। हालांकि, घटना पर अब तक यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
