अचानक थाने पहुंची नाबालिग छात्रा तो मचा हड़कंप, बताया घर वालों का ऐसा सच हैरान रह गई पुलिस

Rohit Kumar
3 Min Read

हल्द्वानी। जबरन शादी कराए जाने की शिकायत लेकर एक छात्रा पुलिस चौकी पहुंच गई। मामला सुनकर पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन परिजनों को चौकी बुलाया। बाद में परिजनों को कार्रवाई की चेतावनी देकर वापस भेज दिया गया।

मूलरूप से फतेहपुर यूपी और वर्तमान में धानमिल क्षेत्र में रहने वाली एक छात्रा गुरुवार सुबह मंडी चौकी पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने पूछा तो बताया कि उसकी उम्र 16 साल है और वह कक्षा नौ में पढ़ती है। आरोप लगाया कि पिता, मां और भाई जबरन उसकी शादी फतेहपुर निवासी रिश्तेदार के बेटे के साथ करवाना चाहते हैं। बताया कि पिछले छह माह से उस पर शादी का दबाव बनाया जा रहा है। विरोध करने के बाद भी परिजन जिद पर अड़े हुए हैं। उसका कहना था कि अभी वह पढ़ना चाहती है। साथ ही वह अभी नाबालिग है। नाबालिग छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने उसके माता-पिता को चौकी बुलाया। पूछताछ की गई तो पिता का कहना था कि उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। इस बीच अच्छा रिश्ता मिला तो शादी के लिए हां बोल दिया। अब बेटी मना कर रही है तो वह शादी नहीं करेंगे। मामले में चौकी प्रभारी गुलाब सिंह कंबोज ने बताया कि परिजनों को सख्त हिदायत दी गई है। चेतावनी दी है कि अगली बार शिकायत आने पर मुकदमे की कार्रवाई की जाएगी।

बड़ी ने किया इनकार तो छोटी पर दबाव

छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह तीन बहनें हैं। जब उसने किसी भी हालत में शादी नहीं करने की बात कही तो परिजन छोटी बहन पर दबाव बनाने लग गए। छात्रा ने पुलिस से छोटी बहन की भी सुरक्षा करने की मांग की है।

कहीं पिता ने सौदा तो नहीं कर दिया?

पुलिस के पास पहुंची छात्रा का कहना था कि वह बार-बार शादी के लिए मना कर रही है, लेकिन परिजन रिश्तेदार से ही शादी करवाने की जिद पर अड़े हुए हैं। इससे उन्हें शक होता है कि कहीं पिता ने उसका सौदा तो नहीं कर दिया। या हो सकता है कि परिजनों ने उसकी शादी के बदले लड़के पक्ष से रुपये लिए हों।

Share This Article
Leave a Comment