
नोएडा। एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र के एक सोसायटी में रहने वाली युवती के बात करने से मना करने पर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वाला दोस्त इस कदर नाराज हाे गया कि उसने आपा ही खो दिया। पहले उसने युवती को अश्लील मैसेज भेजकर परेशान किया।
फिर भी युवती नहीं मानी और इस हरकत का विरोध किया तो सिरफिरे दोस्त ने फिल्मी अंदाज में आइएएस बनकर बदला लेने की धमकी तक दे डाली। दोस्त के आचरण से युवती परेशान है। उसने आरोपित के खिलाफ बुधवार को एक्सप्रेसवे थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस सभी पहलूओं पर जांच कर रही है।
30 वर्षीय युवती प्राइवेट कंपनी में करती है नौकरी
नोएडा सेक्टर 134 के एक सोसायटी में रहने वाली 30 वर्षीय युवती प्राइवेट कंपनी कार्यालय में नौकरी करती हैं। कुछ समय पहले युवती की एक युवक से दोस्ती हुई थी। युवक सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहा है। दोनों के काफी अच्छी दोस्ती हो गई थी, लेकिन युवती ने गलत आचरण व चाल चलन के चलते युवक से कुछ समय से बात करनी बंद कर दी।
काफी मनाने पर युवती ने बात नहीं की। इस बात को लेकर युवक नाराज हो गया। आरोप है कि युवक ने 27 जून की रात में युवती के मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेज दिए। युवती ने फोन कर फटकार लगाई। कभी भी फोन व मैसेज नहीं करने की चेतावनी दी। इस बात से युवक और भड़क गया।
पीड़िता ने घटना की शिकायत पुलिस से की
उसने आईएएस बनकर युवती को बर्बाद करने की धमकी दे डाली। आरोपित की धमकी से युवती परेशान है। उसको अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आइटी सेल से मामले की जांच कराई जा रही है। दोनों के मोबाइल समेत कई तथ्यों पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
