ग्रेनो अथॉरिटी का बड़ा फैसला: ग्रेटर नोएडा के गामा-2 में डीपीएस के सामने बनेगा फुटओवर ब्रिज, हादसों पर लगेगी लगाम

News Desk
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर गामा-2 में पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए फुटओवर ब्रिज (एफओबी) डीपीएस स्कूल के सामने बनाने का निर्णय लिया है।

यह एफओबी 60 मीटर चौड़ी सड़क पर बनाया जाएगा और इसका निर्माण डिजाइन, बिल्ड, फंड, आपरेट और ट्रांसफर (डीबीएफओटी) मॉडल पर होगा।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रोजेक्ट विभाग के मुताबिक, प्राधिकरण के अनुसार फुट ओवर ब्रिज का निर्माण करने वाली कंपनी को 20 साल के लाइसेंस पीरियड के लिए अधिकृत किया जाएगा।

पैदल यात्रियों को मिलेगी सुरक्षा

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस एफओबी के बनने से गामा-2 सेक्टर स्थित डीपीएस स्कूल के बच्चों को सड़क पार करने में सुविधा होगी। अभी बच्चे पैदल सड़क पार करते हैं। इस रोड के वाया एलजी-शारदा गोल चक्कर होकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे लिंक रोड से जुड़ने के कारण आने वाले दिनों में ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ जाएगा।

टेंडर की प्रक्रिया शुरू

वहीं, ऐसे में स्कूल के बच्चों और अभिभावकों के परेशानी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यह क्षेत्र रिहायशी इलाके में भी स्थित है, इससे यहां से काफी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और दफ्तरों के लिए निकलने वाले नौकरीपेशा को भी काफी सहूलियत होगी। इसके लिए प्राधिकरण ने टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। तकनीकी बिड 23 नवंबर को खोली जाएंगी।

आने वाले दिनों में गामा सेक्टर स्थित डीपीएस स्कूल के पास ट्रैफिक का काफी दबाव बढ़ने वाला है। बच्चों और अभिभावकों के साथ निवासियों को सड़क पार करने के लिए बेहतर सुविधा देने के लिहाज से स्कूल के सामने एफओबी बनाया जाएगा। इससे दुर्घटना की संभावनाएं खत्म होगी। – एके सिंह, जीएम प्रोजेक्ट ग्रेनो प्राधिकरण

Share This Article
Leave a Comment