
नोएडा: एयरपोर्ट पर नौकरी पाने की चाह रखने वाले युवाओं को टाटा और इंडिगो जैसी कंपनियों में प्लेसमेंट दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाली महिला को साइबर थाना पुलिस ने अरेस्ट किया है। यह 40 वर्षीय महिला सोशल मीडिया पर नौकरी के विज्ञापन डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाती थी।
पुलिस को उसके लैपटॉप में अलग-अलग कंपनियों के जॉब लेटर और मोबाइल में रुपये के लेनदेन से जुड़ी चैट मिली है। जांच में सामने आया है कि वह 250 से अधिक लोगों के साथ 25 लाख रुपये की ठगी कर चुकी है।
असम की रहने वाली है महिला
पुलिस के मुताबिक, महिला असम के तेजपुर गांव की ब्यूटी बोरबोरह उर्फ निशा है। फिलहाल वह नोएडा में सेक्टर 143 की लॉजिक्स ब्लॉसम सोसायटी में किराये पर रहती है। एनसीआरपी पर उसके मोबाइल नंबर के खिलाफ ठगी की कई शिकायतें मिली थीं। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर जांच शुरू की और महिला की तलाश में जुट गई।
महिला नौकरी दिलाने का करती थी प्रचार
पता चला कि महिला साइन एजुकेशन नाम से कंपनी चलाती है। वह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर प्लेसमेंट इंडिया के नाम से अलग-अलग पेज बनाकर टाटा और इंडिगो जैसी कंपनियों में ट्रेनिंग और नौकरी दिलाने का प्रचार करती थी। लोग जब दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करते तो उनसे पहले फॉर्म भरने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस ली जाती। ऑनलाइन ट्रेनिंग के नाम पर अडवांस रकम जमा कराई जाती।
एक पीड़ित से लिए 77 हजार रुपये
पूछताछ में आरोपी महिला ने गुड़गाव निवासी रुचित जौहर से 77 हजार रुपये लेने की बात स्वीकार की। महिला ने रुचित से नौ मार्च 2026 को 20 हजार रुपये, 20 से 27 अप्रैल के बीच 18 हजार रुपये और 14 मई को 39 हजार रुपये ऑनलाइन मंगवाए थे। इसके अलावा आरोपी ने इंडसइंड बैंक में भी नौकरी दिलाने के नाम पर कई बार पैसे लिए।
लैपटॉप और मोबाइल किए सील
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह राणा की टीम ने 30 अक्टूबर को आरोपी महिला को उसके फ्लैट से पकड़ा। पुलिस ने मौके से मिले लैपटॉप और मोबाइल को सील कर दिया है। मोबाइल पर पीड़ितों के साथ रुपये के लेनदेन से जुड़ी चैट के स्क्रीनशॉट मिले। लैपटॉप में फर्जी जॉब लेटर मिले हैं।
