गाजियाबाद। क्राॅसिंग रिपब्लिक के न्यू शांति नगर में बुधवार हुए मोहित हत्याकांड के मुख्य आरोपित गौरव को शुक्रवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लग गई। पुलिस का दावा है कि हत्या में इस्तेमाल चाकू की बरामदगी के लिए उसे शांति नगर स्थित जल प्लांट के पास डंपिंग यार्ड ले जाया गया था।
इसी दौरान उसने झाड़ियों में छिपाकर रखा तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर हमला करने का प्रयास किया।पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपित को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के मुताबिक मोहित हत्याकांड में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान गौरव ने पूछताछ में हत्या में इस्तेमाल चाकू छिपाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर बरामदगी के लिए शांति नगर के पास डंपिंग यार्ड पहुंची।
मौके पर पहुंचने के बाद गौरव पहले पुलिस टीम को इधर-उधर घुमाकर गुमराह करता रहा। इसी दौरान वह झाड़ियों की ओर गया और वहां पहले से छिपाकर रखा तमंचा निकाल लिया। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर हमला करने का प्रयास किया।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली गौरव के पैर में लगी। इसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपित के कब्जे से तमंचा और चाकू बरामद कर लिया गया है। उसका उपचार कराया जा रहा है। अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

