साहिबाबाद। प्रताप विहार गंगाजल प्लांट से कम प्रेशर से आपूर्ति होने के कारण ट्रांस हिंडन के वैशाली, कौशांबी समेत कई क्षेत्रों में छठे दिन भी जलापूर्ति नहीं हुई। इससे 25 हजार से अधिक लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। एक दिन पहले भी लोगों ने पानी नहीं मिलने पर सेक्टर-4 स्थित पानी की टंकी पर प्रदर्शन किया था।
प्रताप विहार गंगाजल प्लांट से इंदिरापुरम, कौशांबी और नोएडा में जलापूर्ति की जाती है। ऐसे में बड़ी आबादी को पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है।
वैशाली सेक्टर-तीन एफ आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि रोजाना शिकायत कर रहे हैं। इसके बाद भी पानी नहीं मिल रहा। पानी नहीं मिलने से जरूरी कार्यों से लेकर पीने तक के लिए दुकानों से पानी खरीदना पड़ रहा है।
अगर पानी का टैंकर भी आ जाता तो लोगों को राहत मिल जाती। इसके अलावा कौशांबी में भी पानी नहीं पहुंचने से लोगों में रोष है। जल निगम के अधिशासी अभियंता ब्रह्मानंद ने बताया कि हमारे स्तर से फाल्ट की समस्या को दूर कर दिया गया है। हो सकता है कम प्रेशर के कारण वहां तक पानी नहीं पहुंचा हो।
