नई दिल्ली: दिल्ली के प्रतिष्ठित एम्स अस्पताल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक सफेद स्विफ्ट डिज़ायर कार के चालक ने मामूली ट्रैफिक अनुरोध पर सीनियर डॉक्टर को कार से कुचलने की कोशिश की। आरोपी ड्राइवर ने डॉक्टर को लगातार तीन बार टक्कर मारी और उन्हें कार के साथ घसीटता चला गया।
यह घटना 18 अगस्त को एम्स के गेट नंबर 1 के भीतर हुई। पीड़ित डॉक्टर डॉ. अमित लठवाल ने हौज खास थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के प्रयास (Section 307 IPC) का मामला दर्ज किया है।
क्या हुआ था उस दिन?
डॉ. अमित लठवाल अस्पताल परिसर से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि एक जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। जांच में पता चला कि सफेद स्विफ्ट डिज़ायर कार बीच रास्ते में खड़ी थी, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था।
डॉ. लठवाल ने ड्राइवर को पीछे हटने का इशारा किया, लेकिन इसके जवाब में ड्राइवर ने गाड़ी को पीछे लेने के बजाय सीधे डॉक्टर को टक्कर मार दी। यहां तक कि आरोपी ने एक नहीं, बल्कि तीन बार जानबूझकर टक्कर मारी और डॉक्टर को अपनी कार के साथ घसीटते हुए ले गया। डॉक्टर ने किसी तरह खुद को बचाया और मामले की जानकारी पुलिस को दी।
घटना से एम्स के डॉक्टरों में रोष
इस हमले के बाद एम्स में डॉक्टरों में भारी रोष व्याप्त है। डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल परिसर में काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को और सख्त कदम उठाने चाहिए।

