साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनावनी पुस्ता रोड पर लगाए गए 200 केवीए के ट्रांसफार्मर को चोरों ने महज नौ मिनट में चोरी कर लिया। चोर ट्रांसफार्मर को माल वाहक वाहन में रखकर ले गए। बिजली निगम के ठेकेदार ने चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बिजली निगम के ठेकेदार घनश्याम शर्मा ने बताया कि कनावनी में पुस्ता मार्ग पर एक प्रापर्टी डीलर प्लाटिंग कर रहे हैं। वहीं एक बारात घर भी बनाया जा रहा है।
डीलर ने बिजली निगम से 200 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने और व्यावसायिक कनेक्शन देने की मांग की थी। उन्होंने सभी का भुगतान भी कर दिया था। उन्होंने बताया कि 26 जून को ट्रांसफार्मर लगवाकर चारों ओर जाल लगवाया गया था।
डीलर को अगले दिन हैंडओवर किया जाना था ट्रांसफार्मर
बिजली के खंभे लगाकर तार बिछाने का काम पूरा हो चुका था। बिजली के अधिकारियों का निरीक्षण होने के बाद ट्रांसफार्मर डीलर के हैंडओवर करना था।
निरीक्षण से पहले ठेकेदार स्वयं जांच करने पहुंचे तो ट्रांसफार्मर गायब था। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक की। जिसमें बुधवार अलसुबह 3ः09 बजे चोर टैंपो लेकर आते दिखाई दिए।
महज नौ मिनट में ट्रांसफार्मर चोरी कर 3ः18 पर टैंपों लेकर चले गए। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द चोरों को गिरफ्तार कर वारदात से पर्दाफाश किया जाएगा।

