गोविंदपुरी में दर्दनाक हादसा: फंदे पर लटका मिला चालक का शव, बच्चों के नाम छोड़ा 31 सेकेंड का संदेश

News Desk
2 Min Read

मोदीनगर। गोविंदपुरी क्षेत्र स्थित गायत्री एनक्लेव में कर्ज से परेशान ट्रक चालक राजेश कुमार ने फंदे से लटककर जान दे दी। राजेश कुमार ने परिजनों के लिए वॅाइस मैसेज छोड़कर खुदकुशी करने की बात कही। पुलिस ने छानबीन के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गायत्री एनक्लेव निवासी 43 वर्षीय राजेश कुमार ट्रक चालक थे। वह पत्नी साधना और चार बच्चों के साथ गायत्री एनक्लेव में रहते थे। परिजनों के अनुसार रविवार रात वह अपने कमरे सोने चले गए। सोमवार सुबह राजेश का कमरा नहीं खुला तो परिजनों ने उन्हें आवाज दी, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। राजेश के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो राजेश कुमार फंदे से लटके मिले। परिजन राजेश को फंदे से उतारकर चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। राजेश की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। राजेश ने मोबाइल पर 31 सेकेंड का एक वॉइस मैसेज छोड़ा। जिसमें उन्होंने खुदकुशी करने की बात कहते हुए बच्चों को अच्छे से पढ़ाई करने के लिए कहा। परिजनों के अनुसार राजेश पर बैंक का कुछ कर्ज था और गाड़ी भी किस्तों पर थी। आर्थिक तंगी के कारण वह मानसिक तनाव में चल रहे थे। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मामला खुदकुशी का है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। तहरीर प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment