लखनऊ। छात्रा को ब्लैकमेल कर दिल्ली बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने की घटना सामने आई है। पीड़िता ने चाट विक्रेता, उसके भाई व दोस्त पर आरोप लगाया है। माल पुलिस ने केस दर्ज करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।माल इलाके में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी हाईस्कूल की छात्रा है। उसके पिता के अनुसार छह नवंबर की सुबह बेटी स्कूल के लिए निकली, पर शाम तक घर नहीं लौटी। पता चला कि वह स्कूल ही नहीं गई थी। परिजनों ने किशोरी को इधर-उधर तलाशा, पर कुछ पता नहीं चल सका। इस बीच किशोरी के भाई के पास मड़ियांव निवासी मनोज ने फोन किया।
बताया कि उनकी बहन दिल्ली में उनके पास है। मनोज ने किशोरी के भाई को आनंदविहार सि्थ अपने कमरे पर बुलाया और उसे ले जाने की बात कही। किशोरी का भाई जब मनोज के बताए पते पर पहुंचा तो कमरे में बहन आपत्तिजनक हालत में मिली। विरोध पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद वह बहन को लेकर घर आ गए। घर पहुंचने के बाद किशोरी ने बताया कि दो माह पहले स्कूल आते-जाते उसकी मुलाकात चाट विक्रेता मड़ियांव निवासी प्रदीप से हुई थी। फिर वह अक्सर उससे बात करने लगी। इस बीच प्रदीप दिल्ली चला गया। छह नवंबर को उसने कॉल कर धमकाया कि उसकी अश्लील फोटो उसके पास है।
अगर वह दिल्ली नहीं आई तो फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। डर के चलते किशोरी स्कूल के लिए निकली और दिल्ली पहुंच गई। वहां प्रदीप, उसके भाई दिलीप और साथी मनोज ने दुष्कर्म किया। इंस्पेक्टर माल विनय कुमार ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
