वेलकम इलाके में पत्नी की गला घोंटकर हत्या, आरोपी पति ने थाने पहुंचकर किया सरेंडर

Amit
2 Min Read

दिल्ली- उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी ही पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मृतका की पहचान 23 वर्षीय हिना खान के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति दीपक (28) है। पुलिस जब आरोपी को लेकर उसके घर पहुंची, तो जनता कॉलोनी स्थित मकान की पहली मंजिल पर महिला का शव मिला। मामले की जानकारी मिलते ही क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से आपसी शक और विवाद चल रहा था, जिसके चलते अक्सर झगड़े होते थे। वहीं मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि दीपक हिना पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था। जब हिना ने इनकार किया, तो उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

बताया जा रहा है कि दोनों ने करीब तीन साल पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था और वेलकम इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। शुरुआती समय में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा।

Share This Article
Leave a Comment