गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा इंटीग्रिटी सोसाइटी में शनिवार रात संदिग्ध परिस्थिति में नौवीं मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने दोस्त के घर पार्टी में शामिल होने आया था। युवक का शव रविवार सुबह करीब पौने सात बजे गैलरी की शाफ्ट में दिखने पर पुलिस को सूचित किया गया। स्वजन ने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।
नंदग्राम पुलिस को रविवार सुबह करीब पौने सात बजे सूचना मिली कि अजनारा इंटीग्रिटी सोसायटी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक सोसाइटी के एफ ब्लाक के पास गैलरी की शाफ्ट में लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर नंदग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे एंबुलेंस से जिला एमएमजी अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कार्यवाहक एसीपी प्रियाश्री पाल के मुताबिक मृतक की पहचान चिरंजीव विहार निवासी 28 वर्षीय एंथोनी एक्रोसिया उर्फ मिकी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला था प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह अपने दोस्त जीजो मैथ्यू के पास अजनारा इंटीग्रिटी सोसायटी की नौवीं मंजिल स्थित फ्लैट पर आया था। फ्लैट में पांच-छह दोस्तों द्वारा पार्टी किए जाने की बात भी सामने आई है।
संतुलन बिगड़ने से युवक नौवीं मंजिल से गिर गया
मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज और शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि युवक ने अधिक शराब पी रखी थी और वह फ्लैट से निकलकर गैलरी तक आया इसी बीच संतुलन बिगड़ने से युवक नौवीं मंजिल से गिर गया। रविवार को युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन के सुपुर्द किया गया है।

