टीडीएस सिटी को जलभराव से मिलेगी राहत, यूपीसीडा ने 3.20 करोड़ का डिवाटरिंग टेंडर जारी किया

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। ट्रांस दिल्ली सिग्नेचर सिटी (टीडीएस सिटी) में हर वर्ष वर्षा के दौरान होने वाले जलभराव से राहत दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपीसीडा) ने 3.20 करोड़ रुपये की लागत से डिवाटरिंग कार्य का टेंडर जारी किया है।

छह माह तक चलने वाले इस कार्य का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव रोकना और उद्योगों के संचालन के साथ यातायात को सुचारु बनाए रखना है।

यूपीसीडा की ओर से जारी ई-टेंडर के अनुसार डिवाटरिंग कार्य की अनुमानित लागत 3,19,99,200 रुपये तय की गई है। ठेका 180 दिनों के लिए दिया जाएगा। यानि कार्य को पूर्ण करना होगा।

डिवाटरिंग से औद्योगिक इकाइयों को मिलेगा राहत

निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी मानसून के दौरान विभिन्न स्थानों पर जमा होने वाले वर्षा जल की समयबद्ध निकासी सुनिश्चित करेगी। टीडीएस सिटी और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में हर वर्ष वर्षा के दौरान सड़कों पर जलभराव की समस्या से उद्योगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।

माल की आवाजाही प्रभावित होने के साथ उत्पादन भी प्रभावित होता है। ऐसे में डिवाटरिंग व्यवस्था लागू होने से औद्योगिक इकाइयों को राहत मिलने और जलभराव की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण होने की उम्मीद है।

यूपीसीडा के उप महाप्रबंधक सलिल यादव ने बताया कि निगम का मानना है कि इस व्यवस्था से मानसून के दौरान औद्योगिक गतिविधियां बिना बाधा जारी रह सकेंगी और क्षेत्र में आवागमन भी सुचारु बना रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment