लोनी में पुलिस मुठभेड़, दो शातिर चोरों के पैर में लगी गोली; चोरी का माल बरामद

News Desk
3 Min Read

लोनी। अंकुर विहार थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुठभेड़ के बाद दो चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों चोरों के पैर में गोली लगी है।

उनके कब्जे से चोरी किए गहने, बाइक, नकदी और हथियार बरामद हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने आरोपितों को जेल भेज दिया है।

एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि सात सितंबर को सुंदर विहार कालोनी स्थित मकान में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया था।

शिकायत पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही थी। मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया था। बुधवार रात मुखबिर ने सूचना दी कि सुंदर विहार में चोरी करने वाले चोर फिर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।

चेकिंग के दौरान गढ़ी कटैया रोड स्थित रामलीला मैदान के पास बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

आरोपितों को भेजा गया जेल

जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फायरिंग कर दो गोलियां बदमाशों के पैरों में जा लगीं। बदमाश घायल होकर सड़क पर गिर गए।

पुलिस पूछताछ में उन्होंने अपने नाम मेरठ लिसाड़ी गेट निवासी आकिब, मैनपुर भरतना मधूपुर निवासी ध्यान सिंह बताए। आरोपितों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

एसीपी अंकुर विहार ने बताया कि देर रात आरोपितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बृहस्पतिवार दोपहर आरोपितों को जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपितों के दो साथियों के नाम प्रकाश में आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

चोरी का सामान और हथियार बरामद

एसीपी अंकुर विहार ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से एक बाइक, दो तमंचे, दो कारतूस, कटर, चोरी करने के उपकरण, 4700 रुपये व सोने-चांदी के गहने बरामद हुए हैं। आरोपितों ने बताया कि एक-दो वारदात के बाद गहनों को आपस में बांटते थे।

दोनों आरोपितों पर दर्ज छह मुकदमे

एसीपी अंकुर विहार ने बताया कि आकिब के खिलाफ चोरी, छिनैती के दो मामले दर्ज हैं जबकि ध्यान सिंह के खिलाफ पर चोरी, हत्या का प्रयास, दिल्ली में एनडीपीएस एक्ट और मेरठ में पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हैं।

Share This Article
Leave a Comment