
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दुकान में चोरी करने पहुंचे एक चोर की नजर जब गल्ले में रखे नोटों पर पड़ी, तो वह खुशी जाहिर करने लगा। नकदी देखकर उसके मुंह से निकला, “आज तो बहुत मिल गया, बल्ले-बल्ले हो गई।” इसके बाद वह गल्ले में रखे रुपये समेटकर फरार हो गया। चोरी की यह वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में चोर की गतिविधियों के साथ उसकी कही गई बात भी सुनाई दे रही है।
बराबर की दुकान में कुंबल कर हार्डवेयर की दुकान में घुसे चोर
चोरी की यह घटना गाजियाबाद के टीलामोड़ थाना क्षेत्र स्थित फरुखनगर पाइपलाइन रोड की है। यहां फिरे प्रधान की हार्डवेयर की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। दुकान में सीधे प्रवेश करने के बजाय चोरों ने बगल की दुकान में कुंबल किया और वहां से हार्डवेयर की दुकान में दाखिल हो गए।
अंदर पहुंचने के बाद चोरों ने दुकान का गल्ला खंगाला। गल्ले में नकदी दिखाई देने पर चोर ने खुशी जाहिर की और रुपये निकालने लगा। इसके बाद वह नकदी लेकर रात के समय मौके से फरार हो गया।
गल्ले में रखे थे करीब 1.52 लाख रुपये
दुकानदार के मुताबिक, गल्ले में करीब एक लाख 52 हजार रुपये रखे हुए थे। चोर पूरी नकदी लेकर फरार हो गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी के दौरान चोर की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। नकदी देखकर चोर द्वारा कही गई बात भी फुटेज में कैद हो गई।
एक साल पहले भी दुकान में हुई थी चोरी
दुकानदार ने घटना की शिकायत टीलामोड़ पुलिस से की है और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराई है। बताया गया है कि करीब एक साल पहले भी इसी हार्डवेयर की दुकान में चोरी हुई थी। दोबारा दुकान को निशाना बनाए जाने से दुकानदार की चिंता बढ़ गई है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी है।
