कार लोन का वेरिफिकेशन कराने से मना किया तो बेटी ने पिता-भाभी पर तानी पिस्टल

News Desk
2 Min Read

साहिबाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र के वृंदावन गार्डन में पिता ने कार लोन का वेरिफिकेशन कराने से मना किया तो बेटी ने उन पर और अपनी भाभी पर पिस्टल तान दी।

पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित के मुताबिक बेटी ढाई साल पहले घर छ़ोड़कर चुकी है। वारदात के बाद पिता ने आरोपित बेटी और उसकी सहेली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

वृंदावन गार्डन निवासी हितेश तोमर ने बताया कि उनकी बेटी प्रियंका तोमर करीब ढाई साल पहले घर छोड़कर चली गई थी। उसका घर आना जाना नहीं है।

आठ सितंबर को शाम करीब पांच बजे वह अपनी एक सहेली के साथ घर पहुंची। उसने पिता से कार लोन का वेरिफिकेशन कराने की बात कही। उन्होंने कार का वेरिफिकेशन कराने से मना कर दिया।

पहले की गाली-गलौज फिर पिस्टल लेकर पहुंच गई घर

आरोप है कि वेरिफिकेशन को मना करने पर बेटी ने पिता से गाली-गलौज की। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची भाभी के साथ हाथापाई कर दी। वारदात करने के बाद आरोपित बेटी वहां से चली गई।

आरोप है कि करीब 25 मिनट बाद वह सहेली के साथ दोबारा घर पहुंची। घर का मेन गेट तोड़कर अंदर दाखिल हुई। अंदर घुसते ही उसने पिता और भाभी पर पिस्टल तान दी।

दोनों ने किसी प्रकार फर्स्ट फ्लोर पर जाकर अपनी जान बचाई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में वह पिस्टल लहराते दिखाई दे रही है।

एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि आरोपित युवतियों की तलाश की जा रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment