लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत बिगड़ी: सीने में संक्रमण के चलते दिल्ली के अपोलो अस्पताल में कराए गए भर्ती, हालत स्थिर

News Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को शुक्रवार शाम सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया।

98 वर्षीय आडवाणी को शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया। उन्हें पल्मोनरी (फेफड़े एवं श्वसन संबंधी रोग) विभाग में भर्ती किया गया है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है। डाक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है।

पल्मोनरी विभाग में चल रहा आडवाणी का उपचार

आडवाणी अपोलो अस्पताल के न्यूरोलाजिस्ट डाॅ. विनित सूरी से भी परामर्श लेते रहे हैं। वह समय-समय पर स्वास्थ्य संबंधी जांच और परामर्श के लिए अपोलो अस्पताल जाते रहे हैं।

हालांकि, इस बार सीने में संक्रमण के अलावा उनकी स्वास्थ्य संबंधी किसी अन्य परेशानी की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

मई में भी उम्र संबंधी समस्या पर भर्ती हुए थे

मई में भी उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद कुछ दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सात अक्टूबर को उनके आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी और उनका आशीर्वाद लिया था।

Share This Article
Leave a Comment