
नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के स्वच्छता विभाग में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है. पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं (डीईएमएस) समिति के चेयरमैन संदीप कपूर ने बताया कि विभाग के 111 सहायक स्वच्छता निरीक्षकों (एएसआई) को नियमित पदोन्नति देकर स्वच्छता निरीक्षक (एसआई) बना दिया गया है. इस फैसले से लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे योग्य कर्मचारियों को राहत मिली है.
संदीप कपूर के मुताबिक, विभाग में कई कर्मचारी लंबे समय से लुक-आफ्टर चार्ज के आधार पर स्वच्छता निरीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. वहीं, विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण भी कई कर्मचारियों की पदोन्नति लंबित थी. अब ऐसे योग्य कर्मचारियों को नियमित पदोन्नति दे दी गई है. इससे उन्हें जिम्मेदारी के अनुरूप नियमित पद पर काम करने का अवसर मिलेगा.चेयरमैन ने कहा कि स्वच्छता निरीक्षक का पद नगर निगम की व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
स्वच्छता से जुड़े कार्यों की निगरानी, कर्मचारियों के बीच समन्वय और क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में इस पद की अहम जिम्मेदारी होती है. ऐसे में 111 कर्मचारियों को नियमित पदोन्नति मिलने से निगम के स्वच्छता विभाग की कार्यप्रणाली को मजबूती मिलने की उम्मीद है.उन्होंने कहा कि स्वच्छता निरीक्षकों की कमी दूर होने से वार्ड स्तर पर सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी. दिल्ली में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है. नियमित पदोन्नति से कर्मचारियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ विभागीय कामकाज में भी सुधार की उम्मीद है.
संदीप कपूर ने पदोन्नति पाने वाले सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी कर्मचारी अपनी नई जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करेंगे और दिल्ली को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे. इस फैसले को निगम के स्वच्छता विभाग में लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के कदम के रूप में देखा जा रहा है.
