मोदीनगर। राजचौपले पर पिछले काफी समय से बंद पड़े आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) का कार्य अब 30 अगस्त से शुरू होगा। इसको लेकर सोमवार को तहसील में बैठक हुई। जिसमें पुलिस, प्रशासन, नगरपालिका, सेतु निगम, सिंचाई, बिजली समेत तमाम विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अध्यक्षता एसडीएम मोदीनगर कोमल पंवार ने की।
यह आरओबी वाई आकृति में चार लेन का होगा। अभी तक कार्य हापुड़ रोड पर रेलवे फाटक के पार चल रहा था। अब दूसरी तरह राजचौपले पर कार्य शुरू होगा। ऐसे में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखना अधिकारियों के सामने बड़ी चुनौती होगी। इसलिए वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा। हल्के वाहन हनुमानपुरी से होते हुए हापुड़ रोड की तरफ डायवर्ट किए जाएंगे।
पुलिस को यातायात प्लान तैयार करने के निर्देश
इसको लेकर पुलिस को यातायात प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। बिजली विभाग को सभी पोल, खंभे व बिजली की लाइन शिफ्ट करने का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। कार्य के दौरान आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसको लेकर विचार विमर्श किया गया।
कार्य में तेजी लाने के लिए सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए। एसडीएम ने बताया कि सभी विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की पूरी कोशिश है कि निर्माण कार्य के चलते आमजन को किसी परेशानी का सामना ना करना पड़े।
