साहिबाबाद। वसुंधरा के ज्यादातर सेक्टर के आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। पर्यावरणविद और स्थानीय निवासी प्रसून पंत ने इसकी शिकायत आवास विकास में की है। उनका कहना है कि घरों में व्यावसायिक गतिविधियां चलने से लोगों की जान को खतरा रहता है।
पर्यावरणविद ने शिकायत करते हुए कहा कि हाई कोर्ट ने वर्ष 2004 वसुंधरा में रिहायशी इलाकों से सभी तरह की कमर्शियल गतिविधियों पर रोक लगाई गई थी, इसके बाद भी वसुंधरा के सभी सेक्टरों में घरों से बड़े-बड़े शोरूम चल रहे हैं।
फायर एनओसी नहीं होने से जान को खतरा
इनसे लोगों की जान को खतरा है और ट्रैफिक जाम होता है, जिससे प्रदूषण फैलता है। इन जगहों पर फायर एनओसी नहीं होने से आग लगने का खतरा तो रहता ही है साथ ही घरों से चल रही कई अवैध दुकानों की वजह से फुटपाथ और सड़कों पर भी अतिक्रमण बढ़ गया है।
प्रसून पंत ने बताया कि उनकी आनलाइन शिकायत के जवाब में कहा गया है कि आवास विकास अवैध निर्माणों, यानी बेसमेंट के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करता है और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जिम्मेदारी नगर निगम पर डाल दी है। नगर निगम के निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एनके चौधरी का कहना है कि मामले को दिखवाया जाएगा।

