नई दिल्ली। दिल्ली में घर खरीदने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। दरअसल, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने नागरिक आवास योजना के तहत फ्लैटों के रजिस्ट्रेशन की तारीख को एक महीने के लिए बढ़ा दिया है। डीडीए विभिन्न आय वर्ग के लोगों के लिए कम कीमत में फ्लैट उपलब्ध करा रही है। इसी बुकिंग पर 25% का डिस्काउंट भी है।
डीडीए की यह योजना उच्च आय वर्ग (एचआईजी), मध्यम आय वर्ग (एमआईजी), निम्न आय वर्ग (एलआईजी) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं, जिससे उन्हें किफायती दरों पर घर खरीदने का मौका मिल रहा है। इन फ्लैटों का आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ प्रक्रिया के माध्यम से किया जा रहा है, ताकि पात्र आवेदकों को दिल्ली में अपना घर पाने का मौका मिल सकेगा।
क्या है डीडीए नागरिक आवास योजना?
बता दें, यह योजना 23 जनवरी को शुरू की गई थी, जिसमें नरेला और सिरासपुर में किफायती आवास उपलब्ध कराया जाना है। इसमें फ्लैटों पर 25% की छूट दी जा रही है। नरेला में कुल 3,245 फ्लैट उपलब्ध हैं, जिनमें से 1,944 मार्च में शामिल किए गए थे। सिरसपुर में 411 एलआईजी फ्लैट उपलब्ध हैं। इसके लिए रजिस्ट्रेशन डीडीए के आवास पोर्टल पर किया जा सकता है।
फ्लैटों की बुकिंग राशि
एचआईजी फ्लैट: 10,00,000 रुपये, एमआईजी फ्लैट: 4,00,000 रुपये, एलआईजी फ्लैट: 1,00,000 रुपये, ईडब्ल्यूएस फ्लैट: 50,000 रुपये। इस योजना के तहत फ्लैटों की बुकिंग अवधि 31 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। आवेदकों को आवास पोर्टल पर 2500 रुपये का एकमुश्त रजिस्ट्रेशन शुल्क देना होगा।

