इंदिरापुरम- छूट पर हवाई टिकट और सस्ते टूर पैकेज दिलाने का झांसा देकर बड़ी ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में 13 लोगों से करीब 78.71 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी खुद को प्रतिष्ठित ट्रैवल कंपनी का अधिकृत प्रतिनिधि बताकर लोगों को फंसाते थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इंदिरापुरम इलाके के रहने वाले पवन कुमार सिंह सहित कई पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि नोएडा की एक हाउसिंग सोसायटी में रहने वाले सत्यम शुक्ला और हर्षित शुक्ला ने खुद को नामी ट्रैवल कंपनी से जुड़ा एजेंट बताया था। दोनों ने घरेलू और विदेशी यात्रा के लिए आकर्षक ऑफर देने का दावा किया।
आरोप है कि दोनों आरोपियों ने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि उनके जरिए टिकट या टूर पैकेज बुक कराने पर भारी छूट मिलेगी। साथ ही टिकट रद्द होने की स्थिति में बिना कटौती के पूरी रकम लौटाने और अतिरिक्त कमीशन देने का वादा किया गया। शुरुआत में कुछ बुकिंग कराई गईं, लेकिन बाद में न तो टिकट मिले और न ही पैसे वापस किए गए।
जब पीड़ितों ने लगातार संपर्क करने की कोशिश की तो आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में समझौते के नाम पर नवंबर 2025 में एक लिखित करार किया गया और चेक दिए गए, लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर सभी चेक अनादृत हो गए। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस का रुख किया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी जानबूझकर ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे जो उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे। ठगी के शिकार लोगों में व्यापारी और नौकरीपेशा दोनों शामिल हैं। आरोपियों ने बाली, दुबई, थाईलैंड जैसे विदेशी गंतव्यों के साथ-साथ देश के कई पर्यटन स्थलों के लिए भी बुकिंग का झांसा दिया था।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों का पहले भी धोखाधड़ी से जुड़ा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वे जेल जा चुके हैं। फिलहाल उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और पीड़ितों द्वारा दिए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एक अन्य मामले में, गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र से संपत्ति से जुड़ी ठगी की शिकायत सामने आई है। एक व्यक्ति ने मकान खरीदने के नाम पर 32.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, तय समय पर रजिस्ट्री नहीं की गई और रकम वापस मांगने पर धमकी दी गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
