गाजियाबाद में GDA की 10 संपत्तियों की नीलामी, 105.65 करोड़ रुपये की हुई कमाई

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में सोमवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की संपत्तियों की नीलामी में निवेशकों ने रुचि दिखाई। 105.65 करोड़ रुपये में जीडीए की दस संपत्तियों की नीलामी हुई है। इन रुपयों का इस्तेमाल शहर के विकास कार्य में किया जाएगा।

नीलामी में इंदिरापुरम विस्तार योजना का एक आवासीय भूखंड शामिल रहा। इंदिरापुरम के ज्ञानखंड-3 में एक दुकान और एक आवासीय भूखंड तथा ज्ञानखंड-2 में एक आवासीय भूखंड की बोली लगी। इसके अलावा कोयल एनक्लेव में ग्रुप हाउसिंग और प्राइमरी स्कूल के भूखंड नीलाम हुए। वैशाली सेक्टर-3 में सामुदायिक केंद्र का भूखंड, यूपी बॉर्डर (चिकंबरपुर) योजना में दो दुकान भूखंड और ब्रज विहार में निर्मित सामुदायिक केंद्र भी नीलामी का हिस्सा रहे।

वाणिज्यिक और संस्थागत गतिविधियों के लिए बढ़ती मांग का संकेत

नीलामी से गाजियाबाद में आवासीय, वाणिज्यिक और संस्थागत गतिविधियों के लिए बढ़ती मांग का संकेत मिला है। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल का कहना है कि नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और प्रतिस्पर्धात्मक तरीके से पूरा कराया गया। प्रतिस्पर्धी बोलियों के माध्यम से संपत्तियों का बेहतर मूल्य हासिल करने का प्रयास किया गया।

इससे प्राधिकरण के राजस्व में बढ़ोतरी के साथ शहर के विकास कार्यों को भी आर्थिक मजबूती मिलेगी। नीलामी से प्राप्त राजस्व का उपयोग सड़क, आधारभूत ढांचे, नागरिक सुविधाओं और अन्य विकास परियोजनाओं को गति देने में किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment