गाजियाबाद में कुत्ता घुमाने को लेकर विवाद, रिटायर्ड इंस्पेक्टर समेत चार पर FIR; मारपीट का वीडियो वायरल

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित राज एंपायर सोसायटी में कुत्ता घुमाने को लेकर हुए विवाद में पीड़ित की ओर से दिल्ली पुलिस के रिटायर्ड इंस्पेक्टर आनंद कुमार और उनके परिजनों समेत चार लोगों के खिलाफ नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

रविवार देर रात करीब 12 बजे पुलिस ने पीड़ित शिवम गुप्ता की शिकायत पर एफआइआर दर्ज की। मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें सोसायटी में दो पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है।

शिवम गुप्ता ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि रविवार शाम करीब 4:30 बजे सोसायटी के मेंटेनेंस अधिकारी संतोष तिवारी ने उन्हें नीचे बुलाया। नीचे पहुंचने पर वहां रिटायर्ड इंस्पेक्टर आनंद कुमार, उनके बेटे व परिजन मौजूद थे।

गाली-गलौज के बाद हुई मारपीट

आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके साथ मारपीट की। पीड़ित ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

विवाद की वजह क्या?

शिकायतकर्ता के मुताबिक, मारपीट के दौरान उसके गले से सोने की चेन भी गायब हो गई। हालांकि, चेन झगड़े के दौरान गिरी या किसी ने निकाल ली, इसकी उसे जानकारी नहीं है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवाद की वजह शिवम गुप्ता द्वारा सोसायटी के ग्रुप पर आनंद कुमार का कुत्ता घुमाने का वीडियो डालने पर शुरू हुआ था।

एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment